त्रिषष्टितम (63) अध्याय: शल्य पर्व (गदा पर्व)
महाभारत: शल्य पर्व: त्रिषष्टितम अध्याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद
वैशम्पायन जी ने कहा- भरतकुलभूषण नरेश! तुमने जो प्रश्न किया है, वह सर्वथा उचित है। तुम मुझसे जो कुछ पूछ रहे हो, वह सब मैं तुझे यथार्थ रूप से बताऊँगा। राजन! भरतवंशी! धृतराष्ट्रपुत्र महाबली दुर्योधन को भीमसेन ने युद्ध में उसके नियम का उल्लंघन करके मारा है। वह गदा युद्ध के द्वारा अन्यायपूर्वक मार गया है। इन सब बातों पर दृष्टिपात करके युधिष्ठिर के मन में बड़ा भारी भय समा गया। वे घोर तपस्या से युक्त महाभागा तपस्विनी गान्धारी देवी का चिन्तन करने लगे। उन्होंने सोचा गान्धारी देवी कुपित होने पर तीनों लोकों को जलाकर भस्म कर सकती हैं। इस प्रकार चिन्ता करते हुए राजा युधिष्ठिर के हृदय में उस समय यह विचार हुआ कि पहले क्रोध से जलती हुई गान्धारी को शान्त कर देना चाहिये। वे हम लोगों के द्वारा इस तरह पुत्र का वध किया गया सुनकर कुपित हो अपने संकल्पजनित अग्नि से हमें भस्म कर डालेंगी। उनका पुत्र सरलता से युद्ध कर रहा था; परंतु छल से मारा गया। यह सुनकर गान्धारी देवी इस तीव्र दुःख को कैसे सह सकेगीं? इस तरह अनेक प्रकार से विचार करके धर्मराज युधिष्ठिर भय और शोक में डूब गये और वसुदेव नन्दन भगवान श्रीकृष्ण से बोले- गोविन्द! अच्युत! जिसे मन के द्वारा भी प्राप्त करना असम्भव था, वही यह अकण्टक राज्य हमें आपकी कृपा से प्राप्त हो गया। यादवनन्दन! महाबाहो! इस रोमांचकारी संग्राम में जो महान विनाश प्राप्त हुआ था, वह सब आपने प्रत्यक्ष देखा था। पूर्वकाल में देवासुर-संग्राम के अवसर पर जैसा आपने देवद्रोही दैत्यों के वध के लिये देवताओं की सहायता की थी, जिससे वे सारे देवशत्रु मारे गये, महाबाहु अच्युत! उसी प्रकार इस युद्ध में आपने हमें सहायता प्रदान की है। वृष्णिनन्दन! आपने सारथि का कार्य करके हम लोगों को बचा लिया। यदि आप इस महासमर में अर्जुन के स्वामी और सहायक न होते तो युद्ध में इस कौरव-सेनारूपी समुद्र पर विजय पाना कैसे सम्भव हो सकता था? |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज