श्री श्रीचैतन्य-चरितावली -प्रभुदत्त ब्रह्मचारी88. पुरी-गमन के पूर्व
भगवान का स्वरूप निर्गुण है या सगुण? जगत मिथ्या है या सत्य? हृदय में ऐसी शंकाओं के उत्पन्न होने से ही पता चल जाता है कि अभी हम भगवत्कृपा प्राप्त करने के पूर्ण अधिकारी नहीं बन सके। जिनके ऊपर भगवान की पूर्ण कृपा हो चुकी है, उनके मस्तिष्क में ऐसे प्रश्न उठकर उनके चित्त में विक्षेप उत्पन्न नहीं करते। भगवान सगुण हों या निर्गुण, साकार हों या निराकार, यह जगत सत्य हो अथवा त्रिकाल में भी उत्पन्न न हूआ हो, उच्च साधकों को इन बातों से कुछ भी प्रयोजन नहीं, वे तो यथाशक्ति सभी संसारी परिग्रहों का परित्याग करके प्रभु के पादपद्मों में प्रेम करने के निमित्त पागल-से बन जाते हैं। वे जगत की सत्यता और मिथ्यात्व की उलझनों को सुलझाने में अपना अमूल्य समय बरबाद नहीं करते। क्या घट-घटव्यापी भगवान हमारे हृदय की बात को जानते नहीं? क्या वे सर्वशक्तिमान नहीं है? क्या उनका चित्त दयाभाव से भरा हुआ नहीं है? यदि हाँ, तो वे हमारे हृदय की सच्ची लगन को समझ दया के वशीभूत होकर जैसे भी निराकार अथवा साकार होंगे, हमारे सामने प्रकट हो जायँगे। हम द्वैत, अद्वैत, विशिष्टाद्वैत, द्वैताद्वैत तथा शुद्धाद्वैत के झमेले में क्यों पड़े? किन्तु ऐसी भावना सबकी नही हो सकती। जो मस्तिष्क-प्रधान हैं वे बिना सोचे रह ही नहीं सकते, उन्हें समझाकर ही श्रद्धा उत्पन्न करानी होगी और उस श्रद्धा के सहारे ही उन्हें सत्य तक पहुँचाना होगा, इसीलिये महर्षियों ने वेदान्तशास्त्र का उपदेश किया है। वेद के अन्तिम भाग को वेदान्त कहते हैं। उसका सम्बन्ध विचार से है। किन्तु हृदय प्रधान तो विचार की इतनी अधिक परवा नहीं करते, वे तो ‘श्रीकृष्ण, श्रीकृष्ण’ कहते-कहते ही अपने प्यारे के पादपद्मों तक पहुँचकर सदा उन्हीं के हो रहते हैं। उन्हीं के क्या, तद्रूपही से बन जाते हैं, किन्तु सबको ऐसा सौभाग्य प्राप्त नहीं हो सकता। जिनके ऊपर उनका अनुग्रह हो वही इस पथका पथिक बन सकता है। इस पर यह भी शंका हो सकती है कि फिर ‘श्रीकृष्ण, श्रीकृष्ण’ कहने वाला अज्ञानी ही बना रहेगा और बिना ज्ञान के संसारी-बन्धन से मुक्ति नहीं हो सकती ‘ॠते ज्ञानान्न मुक्ति:’ तब फिर वह मुर्ख भक्त प्रभु के पादपद्मों तक कैसे पहुँच सकता है? इसका सीधा उत्तर यही है कि जो सर्वस्व त्याग करके भगवान की ही शरण में अनन्य भाव से आ गया हो, सच्चिदानन्दस्वरूप भगवान जिनका स्वरूप ही ‘सत्य ज्ञानमनन्तम्’ है, उसे ज्ञानहीन कैसे बना रहने देंगे? उनकी शरण में आते ही हृदय की ग्रन्थियाँ आप-से-आप ही खुल जायँगी, बिना प्रयास के ही उसके सभी संशय दूर हो जायँगे, कर्म-अकर्म की जटिल समस्याओं को बिना सुलझाये ही उसके सम्पूर्ण कर्म क्षीण हो जायँगे। भगवत-शरणागति में यही तो सुलभता, सरलता और सरसता है। आकाश-पाताल एक भी न करना पड़े और आनन्द भी सदा बना रहे, सदा उस अद्भुत रस का पान ही करते रहें। किन्तु इस अनन्य उपासना और भगवत-प्रपन्नता के लिये सभी संसारी-परिग्रहों का पूर्ण त्याग करना होगा। तभी उस अद्भुत आसव की प्राप्ति हो सकती है। ख़ाली ढोंग बना लेने और भेदभाव के संकुचित क्षेत्र में ही बंधे रहने से काम न चलेगा। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
- ↑ जिन्होंने श्रीकृष्ण के चरणाविन्दों को ही सत्य मान लिया है, उनके लिये चाहे संसार सत्य हो अथवा असत्य, इस बात की ओर वे ध्यान नहीं देते। जगत के सत्यत्व अथवा मिथ्यात्व के कारण उनकी बुद्धि विभ्रम में नहीं पड़ती। श्रीधरस्वामी