पंचनवतितम (95) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्मवध पर्व)
महाभारत: भीष्म पर्व: पंचनवतितम अध्याय: श्लोक 1-20 का हिन्दी अनुवाद
भरतश्रेष्ठ! राजा दुर्योधन का यह वचन सुनकर शान्तनुनन्दन भीष्म ने उससे इस प्रकार कहा- राजन! कुरुनन्दन! मैं तुमसे जो कहता हूँ, उसे ध्यान देकर सुनो। शत्रुओं को संताप देने वाले महाराज! तुम्हें जिस प्रकार बर्ताव करना चाहिये, वह सुनो। तात्! शत्रुदमन! तुम युद्ध में सदा अपनी रक्षा करो। अनघ! तुम्हें सदा धर्मराज युधिष्ठिर से ही संग्राम करना चाहिये। अर्जुन, नकुल, सहदेव अथवा भीमसेन के साथ भी तुम युद्ध कर सकते हो। राजधर्म को सामने रखकर यह बात कही गयी है। राजा राजा से ही युद्ध करता है। राजन्! तुम्हें दुरात्मा घटोत्कच के साथ कदापि युद्ध नहीं करना चाहिये। मैं, द्रोणाचार्य, कृपाचार्य, अश्वत्थामा, सात्वतवंशी, कृतवर्मा, शल्य, भूरिश्रवा, महारथी विकर्ण तथा दुःशासन आदि तुम्हारे अच्छे भ्राता- ये सब लोग तुम्हारे लिये उस महाबली राक्षस से युद्ध करेंगे। यदि उस भयंकर राक्षसराज घटोत्कच पर तुम्हारा अधिक रोष है तो उस दुष्ट के साथ युद्ध करने के लिए राजा भगदत्त जाये, क्योंकि युद्ध में ये इन्द्र के समान पराक्रमी है।' इतना कहकर बोलने में कुशल भीष्म ने राजाधिराज दुर्योधन के सामने ही राजा भगदत्त से यह बात कही- 'महाराज! तुम रणदुर्मद घटोत्कच का सामना करने के लिये शीघ्र जाओ और समस्त धनुर्धरों के देखते-देखते प्रयत्नपूर्वक उसे रणक्षेत्र में आगे बढ़ने से रोको। पूर्वकाल में इन्द्र ने जैसे तारकासुर की प्रगति रोक दी थी, उसी प्रकार तुम भी उस क्रूरकर्मी राक्षस को रोक दो। परंतप! तुम्हारे पास दिव्य अस्त्र है। तुममें पराक्रम भी महान है और पूर्वकाल में बहुत से देवताओं के साथ तुम्हारा युद्ध भी हो चुका है। नृपश्रेष्ठ! इस महायुद्ध में घटोत्कच का सामना करने वाले योद्धा केवल तुम्हीं हो। राजन्! तुम अपने ही बल से उत्कर्ष को प्राप्त होकर राक्षस शिरोमणि घटोत्कच को मार डालो।' |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज